Patna, Bihar, India An Education Community Initiative

सुरक्षित शनिवार और बैगलेस डे - 30

सुरक्षित शनिवार एवं बैगलेस डे

चतुर्थ शनिवार — 24 अक्टूबर 2026

विशेष गतिविधि : सड़क सुरक्षा

सुरक्षित शनिवार और बैगलेस डे एक शैक्षिक साप्ताहिकी है, जिसे प्रत्येक Friday को प्रकाशित किया जाता है। यह विशेष अंक अक्टूबर माह के चतुर्थ शनिवार (24 अक्टूबर 2026) को विद्यालय में आयोजित होने वाली गतिविधियों पर केंद्रित है।

सड़क दुर्घटना से बचाव

इस दिन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। प्रार्थना सभा में विषय परिचय के बाद शिक्षक बच्चों के साथ सड़क सुरक्षा नियमों पर चर्चा करेंगे। चित्रों एवं यातायात संकेत चिह्नों की पहचान कराई जाएगी।

बच्चों को समझाया जाएगा कि सड़क पार करते समय फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें। पहले दाएँ, फिर बाएँ और दोबारा दाएँ देखकर सड़क पार करें। साइकिल चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें, हेलमेट पहनें तथा साइकिल के ब्रेक और लाइट की जाँच करें। कार में सीट बेल्ट लगाएँ और दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनें। लाल बत्ती पर रुकें तथा चलती बस या वाहन में चढ़ने-उतरने से बचें।

सुरक्षित सड़क पार करने का मॉक ड्रिल

विद्यालय परिसर में चॉक से सड़क एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाकर बच्चों को पैदल यात्री, वाहन चालक और यातायात पुलिस की भूमिका दी जाएगी। बच्चे सड़क के किनारे रुकने, दाएँ-बाएँ देखकर वाहनों की जाँच करने और सुरक्षित होने पर जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने का अभ्यास करेंगे। यातायात संकेतों का पालन करना भी सिखाया जाएगा। यह अभ्यास वास्तविक यातायात वाली सड़क पर नहीं, बल्कि विद्यालय के सुरक्षित परिसर में कराया जाएगा।

बैगलेस डे : सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी

बैगलेस डे के अंतर्गत सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। इसमें हिंदी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। गतिविधि की अवधि लगभग 1 से 2 घंटे रखी जा सकती है। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत या समूहों में बाँटकर प्रारंभिक, सेमीफाइनल और फाइनल राउंड आयोजित किए जा सकते हैं।

प्रश्नोत्तरी के लिए प्रश्नों का संकलन, प्रश्नपत्र, उत्तरपत्र, पेन, स्कोर बोर्ड, टाइमर और आवश्यकतानुसार घंटी, माइक्रोफोन एवं प्रोजेक्टर की व्यवस्था करें। शिक्षक समय-सीमा निर्धारित करें, निष्पक्ष मूल्यांकन करें तथा विजेताओं को पुरस्कार या प्रशस्ति-पत्र प्रदान करें।

गतिविधियों से सीखने के परिणाम

इन गतिविधियों से बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सामान्य ज्ञान, स्मरण शक्ति, त्वरित उत्तर देने की क्षमता, तर्कशक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व, संचार कौशल और टीमवर्क विकसित होंगे। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ-साथ एक-दूसरे से सीखने के लिए भी प्रोत्साहित करें।

इस गतिविधि का संदेश:

सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा।


PAPPU PANKAJ

Muzaffarpur

Share your Comment