बिहार कक्षा 1 से 8 मूल्यांकन 2026
बिहार में कक्षा 1 से 8 तक के सरकारी एवं सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में 2026 के मूल्यांकन के संचालन एवं अनुपालन के लिए राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), बिहार द्वारा विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया जारी की गई है। इसका उद्देश्य निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं कदाचार-मुक्त मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की स्थिति को समझना और शैक्षिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए प्रभावी उपचारात्मक रणनीति तैयार करना है।
मूल्यांकन प्रक्रिया में परीक्षा-पूर्व तैयारी, गोपनीय सामग्री का सुरक्षित वितरण, क्रॉस-वीक्षण, परीक्षा संचालन, उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन और अभिभावक बैठक शामिल हैं। गोपनीय सामग्री जिला, प्रखंड और विद्यालय स्तर तक निर्धारित समय-सीमा में पहुंचाई जाएगी। परीक्षा 15 से 20 सितम्बर 2026 तक विभिन्न विषयों के लिए आयोजित होगी। 21 से 25 सितम्बर के बीच उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन एवं परिणाम संबंधी कार्य पूरे किए जाएंगे।
26 सितम्बर को राज्यव्यापी मेगा शिक्षक-अभिभावक बैठक (Mega PTM) में विद्यार्थियों की प्रगति अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी। मूल्यांकन का अंतिम लक्ष्य केवल अंक प्रदान करना नहीं, बल्कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष कक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है। PTM के बाद ग्रेड C, D एवं E प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष शैक्षणिक रणनीति तैयार की जाएगी।
शिक्षकों एवं विद्यालय प्रधानों के लिए सामग्री की सुरक्षा, निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम, निष्पक्ष संचालन और समयबद्ध मूल्यांकन सुनिश्चित करना आवश्यक है। इस SOP में परीक्षा कक्ष प्रबंधन, समानांतर विद्यालय गतिविधियों, मध्याह्न भोजन, सह-शैक्षिक गतिविधियों तथा सहायता एवं नियंत्रण कक्ष से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
