Ragini Mishra (रागिनी मिश्रा )
ID: c42fd453eae8

NMMSS 2025–26 के सितारे: संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक यात्रा

  • Gender: 👩 Female
  • Class / Role: 👩‍🏫 Teacher
  • School: 🏫 Sanskrit P.S. Garhani (संस्कृत प्राथमिक विद्यालय गडहनी )
  • District & Block: 📍 BHOJPUR, GARHANI
  • Applied Category: 📝 Teachers
Garhani

बाबुल सुन लो बात हमारी, स्कूल हमें भी जाना है,

अक्षर-अक्षर दीप जलाकर जीवन नया बनाना है।


फूटी छप्पर, टूटी खटिया, घर में धन का नाम नहीं,

लेकिन मन में सपनों वाली आशा का अवसान नहीं।

कॉपी नई न सही पुरानी, उससे पाठ पढ़ाना है,

अक्षर-अक्षर दीप जलाकर जीवन नया बनाना है।


अम्मा बोली, "बेटी सुन ले, मुश्किल में घर चलता है,

रोटी के संग हर दिन अपना सपना भी तो जलता है।"

बिटिया बोली, "कष्ट सहूँगी, फिर भी आगे बढ़ना है,

अक्षर-अक्षर दीप जलाकर जीवन नया बनाना है।"


बाबुल खेतों में दिनभर की मेहनत से थक जाते हैं,

चिंता के बादल आँखों में चुपके-चुपके छा जाते हैं।

उनके माथे की हर रेखा को हँसकर मुझे मिटाना है,

अक्षर-अक्षर दीप जलाकर जीवन नया बनाना है।


कल तक जो थी गाँव की बिटिया, कल शिक्षक बन जाऊँगी,

अपने घर के संग-संग मैं पूरे जग को पढ़ाऊँगी।

गरीबी की इस काली रात को सूरज बन चमकाना है,

अक्षर-अक्षर दीप जलाकर जीवन नया बनाना है।


सुनकर बातें भोली बिटिया की पिघला माता-पिता का मन,

आशीषों की छाँव मिली तो खिल उठा उसका जीवन-वन।

पग-पग पर अब ज्ञान-दीप से अपना पथ चमकाना है,

अक्षर-अक्षर दीप जलाकर जीवन नया बनाना है।


- रागिनी मिश्रा, संस्कृत प्राथमिक विद्यालय, गडहनी, भोजपुर

4 Views 0 Likes